Tuesday, April 28, 2020

What is Gift Deed in Hindi | How to prepare Gift Deed | गिफ्ट डीड बनाने में इन बातों का रखें ध्यान | गिफ्ट डीड रजिस्टर्ड होना जरुरी है या नहीं

आज के इस लेख के माध्यम से हम जानते हैं कि गिफ्ट डीड (Gift Deed) क्या होती है? इसके क्या आवश्यक तत्व हैं और एक वैध गिफ्ट डीड (Gift Deed) को बनाने के लिए क्या सावधानी बरतनी चाहिए। साथ ही गिफ्ट डीड (Gift Deed) के बारे में प्राप्त करते हैं महत्त्वपूर्ण जानकारी, जिसमें शामिल है:

1. गिफ्ट डीड (Gift Deed) क्या होती है?
2. गिफ्ट डीड का क्या उद्देश्य है?
3. गिफ्ट डीड के आवश्यक तत्व क्या हैं?
4. गिफ्ट डीड कौन कर सकता है?
5. गिफ्ट डीड किस व्यक्ति को किया जा सकता है?
6. गिफ्ट डीड की वजह क्या होती है?
7. गिफ्ट डीड देने का तरीका क्या है?
8. गिफ्ट डीड को कैसे बनायें?
9. गिफ्ट डीड की भाषा क्या होनी चाहिए?
10. गिफ्ट डीड रजिस्टर्ड होना जरुरी है या नहीं?
11. गिफ्ट डीड को रजिस्टर्ड करवाने की स्टाम्प ड्यूटी क्या है?
12. क्या गिफ्ट दी गई संपत्ति दोबारा वापस ली जा सकती है?

1. गिफ्ट डीड (Gift Deed) क्या होती है?

'गिफ्ट' (Gift) को हिंदी में भेंट अथवा दान भी कहते हैं। गिफ्ट की परिभाषा संपत्ति अंतरण अधिनयम 1882 की धारा 122 में दी गयी है, जिसके अनुसार- 'भेंट स्वेच्छापूर्वक प्रेम, आदर अथवा दया से प्रेरित होकर बिना किसी प्रतिफल लिए वस्तु के स्थायित्व का अंतरण है। साधारणतया गिफ्ट एक व्यक्ति द्वारा दी जाती है और दूसरे व्यक्ति द्वारा स्वीकृत की जाती है। गिफ्ट देने वाले को दाता (Donor) और गिफ्ट प्राप्त करने वाले को आदाता (Donee) कहते हैं।

2. गिफ्ट डीड का क्या उद्देश्य है?

गिफ्ट
डीड को बनाने का सबसे बड़ा उद्देश्य यह होता है कि संपत्ति के कारण भविष्य में कोई विवाद न उत्पन्न हो एवं संपत्ति के मालिक की इच्छा अनुसार संपत्ति का अंतरण हो सके।
 
3. गिफ्ट डीड के आवश्यक तत्व क्या हैं?

गिफ्ट
डीड के लिए दाता और आदाता दोनों का जीवित होना आवश्यक है। गिफ्ट लिखित होना चाहिए। वास्तव में जब तक भेंट अंतरिती (Transferee) द्वारा स्वीकार न की जाये अंतरण पूरा नहीं होता है। यदि अंतरिती या आदाता गिफ्ट स्वीकार किये बिना ही मर जाता है तो गिफ्ट शून्य-प्रभावी मानी जाती है। प्राकृतिक प्रेम एवं स्नेह गिफ्ट के लिए अति आवश्यक तत्व होते हैं।
 
4. गिफ्ट डीड कौन कर सकता है?

किसी भी संपत्ति का मालिक जिसका उस संपत्ति पर पूर्ण स्वामित्व है, उस संपत्ति को गिफ्ट कर सकता है। यदि संपत्ति पर अंशतः स्वामित्त्व है तो मात्र अपने हिस्से में आने वाली संपत्ति को ही गिफ्ट किया जा सकता है।

5. गिफ्ट डीड किस व्यक्ति को किया जा सकता है?

प्राकृतिक प्रेम व् स्नेह गिफ्ट के लिए आवश्यक तत्व हैं जिनका जिक्र कर किसी भी व्यक्ति को संपत्ति गिफ्ट की जा सकती है। किसी अनजान व्यक्ति को गिफ्ट करने पर उसकी वजह लिखना आवश्यक होता है।

6. गिफ्ट डीड की वजह क्या होती है?

गिफ्ट स्वेच्छापूर्वक, प्रेम, आदर अथवा दया से प्रेरित होकर की जा रही है, इसकी वजह का जिक्र गिफ्ट डीड में आवश्यक रूप से होना चाहिए। वजह न लिखे होने की स्थिति में गिफ्ट डीड के रजिस्ट्रेशन में दिक्कत आ सकती है।

7. गिफ्ट डीड देने का तरीका क्या है?

गिफ्ट डीड बिना किसी प्रतिफल (Consideration) या शर्त (Condition) के होना आवश्यक है। शर्तयुक्त गिफ्ट या प्रतिफल के एवज में गिफ्ट अवैध होती है।

8. गिफ्ट डीड को कैसे बनायें?

गिफ्ट डीड को बनाने लिए सबसे ऊपर शीर्षक लिखें। इसके पश्चात दोनों पक्षों के नाम, उम्र व पता लिखें। इसके बाद जिस संपत्ति को गिफ्ट करना है उसका उल्लेख और गिफ्ट करने की वजह लिखना चाहिए। अंत में गवाहों के विवरण व प्रमाणीकरण के साथ दोनों पक्षों के हस्ताक्षर व फोटो लगाएं। तत्पश्चात सब रजिस्ट्रार के यहाँ उस गिफ्ट डीड को रजिस्टर कराने हेतु प्रक्रिया करें।

9. गिफ्ट डीड की भाषा क्या होनी चाहिए?
 

गिफ्ट डीड हिंदी, अंग्रेजी या अपने राज्य की लोकल भाषा में बनायी जा सकती है।

10. गिफ्ट डीड रजिस्टर्ड होना जरुरी है या नहीं?
 

गिफ्ट डीड का रजिस्टर होना आवश्यक है। गैर रजिस्टर्ड गिफ्ट डीड की कोई मान्यता नहीं होती है। संपत्ति अंतरण अधिनियम 1882 की धारा 123 एवं रजिस्ट्रेशन अधिनियम की धारा 17(1)(ए) की व्यवस्थाओं के अधीन आने वाली भेटों की रजिस्ट्री अनिवार्य है उनका मूल्य चाहे कुछ भी क्यों न हो।

11. गिफ्ट डीड को रजिस्टर्ड करवाने की स्टाम्प ड्यूटी क्या है?
 

सामान्यतया गिफ्ट डीड को रजिस्टर्ड कराने में वही स्टाम्प शुल्क अदा करना होता है जो उस मूल्य की संपत्ति के अंतरण में। राज्यों के स्टाम्प ड्यूटी एक्ट भिन्न-भिन्न होने के कारण यह राशि भिन्न भी हो सकती है।

12. क्या गिफ्ट दी गई संपत्ति दोबारा वापस ली जा सकती है?

साधारणतया गिफ्ट अनिरसनीय (Irrevocable) होती है, इस कारण रद्द नहीं हो सकती। एक बार गिफ्ट कर दी गयी संपत्ति को दोबारा वापस नहीं पाया जा सकता। हाँ, कुछ विपरीत परिस्थितियों में गिफ्ट डीड का निरसन संभव है।

मित्रों, उम्मीद है कि आपको गिफ्ट डीड (Gift Deed) के बारे में उक्त जानकारी और लेख पसंद आया होगा। अगर आप के मन में गिफ्ट डीड (Gift Deed) से सम्बंधित किसी भी प्रकार का कोई भी प्रश्न है, तो कमेंट करके हमें अवश्य सूचित करियेगा। 


1 comment:

  1. Sir please help me
    A अपनी सम्पति का वसीयत B, C, D, E, F, G
    के पक्ष में करना चाहता है जिसमें B और C बाहर गए है केवल D, E, F, G मौके पर मौजूद है तो क्या A अपनी वसीयत सभी (B, C, D, E, F, G) के पक्ष में कर सकता है??

    ReplyDelete